कोरोना काल में हुई परिस्थितियों पर यह रचना प्रस्तुत है.....
कितने झंझावात सहे हैं, हम ये दुःख भी सह लेंगे |
दर-दर भटका करते थे हम, अपने घर में रह लेंगे|
अरसे बाद मिली है फुरसत, हर अपने से मिलने की,
कुछ सुन लेंगे उनकी हम कुछ अपने दिल की कह लेंगे |
यन्त्रों का युग है जीवन भी हम यन्त्रों-सा जीते हैं,
मानव-जीवन की सरिता ये, इसमें कुछ दिन बह लेंगे |
चिंता इसकी, उसकी, सबकी, अक्सर करते रहते थे,
कब सोचा था बिन चिंता के, हम सब कुछ दिन रह लेंगे |
नदियों की कल-कल मीठी है, आज हवा भी महकी-सी,
मन की सन्दूकों में ऐसी, यादें कर रख तह लेंगे |
ना खोना है ना पाना कुछ, ऐसे पल कब मिलते हैं,
औरों को तो देख चुके हैं, खुद को कुछ दिन गह लेंगे |Copyright@PBChaturvedi प्रसन्न वदन चतुर्वेदी